
केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के सबसे बड़े रणनीतिकार अमित शाह का आज जन्मदिवस है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। सीएम मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित मध्यप्रदेश के तमाम नेताओं, मंत्रियों ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी है। इस मौके पर प्रदेश के लिए उनके योगदान को रेखांकित किया है। केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में अमित शाह ने मध्यप्रदेश को नक्सलमुक्त बना दिया। इसे उनकी सबसे बड़ी सौगात बताया जा रहा है।
सीएम मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एमपी में नक्सली खात्मे का पूरा श्रेय अमित शाह को दिया है। मुख्यमंत्री ने तो बुधवार को भी एक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री का इस बात के लिए आभार जताया कि उन्होंने प्रदेश को 35 वर्ष पुराने नक्सलवाद के दंश से बाहर निकाला।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते कहा कि एमपी 35 साल पुराने नक्सलवाद के दंश से बाहर निकला है। इसका श्रेय उन्होंने बहादुर जवानों के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व को दिया। सीएम ने यह भी कहा कि देश में सबसे पहले एमपी नक्सलमुक्त हुआ है। यह हमारे लिए गर्व की बात है।





