दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा; सत्य निकेतन में 4 मंजिला इमारत ढही, 1 की मौत, कई लोग घायल

राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। साउथ कैंपस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के वक्त इमारत के मलबे में करीब सात लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, तीन लोगों के बचा लिया गया है।
स्थानीय निवासियों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। दमकल विभाग को दोपहर लगभग 1:30 बजे दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त इमारत का इस्तेमाल छात्रों के पीजी (पेइंग गेस्ट) हॉस्टल के रूप में किया जा रहा था। फिलहाल राहत एवं बचाव टीम स्थानीय लोगों की मदद से मलबे को हटाने और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
