hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
भोपालमध्यप्रदेश

एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर लगाई फांसी 

 ब्रेकअप के बाद मानसिक तनाव से गुजर रहा था युवक

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। गांधीनगर थाना क्षेत्र में ब्रेकअप के बाद मानसिक तनाव से गुजर रहे एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर फांसी लगा ली। युवक आधी रात को घर की दीवार फांदकर भीतर पहुंचा और किचन में टीनशेड के पाइप से रेशम की रस्सी का फंदा बनाकर झूल गया। सुबह जब स्वजन उठे तो किचन में उसका शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची गांधीनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक 22 वर्षीय मुकेश मालवीय विदिशा जिले के सिरोंज तहसील स्थित पामाखेड़ी गांव का निवासी था। वह किसान परिवार से था और कुछ समय पहले तक टीकमगढ़ की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। इन दिनों वह राहुल नगर में रहने वाले अपने चाचा के घर आया हुआ था। इसी दौरान उसकी पास के टैगोर वार्ड में रहने वाली एक युवती से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से मोबाइल पर बातचीत होती थी।

जांच अधिकारी एसआई कोमल सिंह के मुताबिक कुछ दिन पहले युवती के स्वजनों ने दोनों को बातचीत करते पकड़ लिया था। इसके बाद उन्होंने युवती को युवक से संपर्क रखने से मना कर दिया और उसका मोबाइल भी अपने पास रख लिया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत पूरी तरह बंद हो गई। पुलिस का कहना है कि इसी कारण मुकेश मानसिक तनाव में रहने लगा था गुरुवार रात वह काफी देर तक कालोनी में इधर-उधर घूमता रहा। देर रात उसने प्रेमिका के घर की दीवार फांदकर प्रवेश किया। उस समय युवती, उसके माता-पिता और दादी अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। किचन का दरवाजा खुला होने के कारण वह सीधे वहां पहुंचा और पाइप पर रेशम की रस्सी बांधकर फांसी लगा ली।

शुक्रवार सुबह परिवार की नजर किचन में लटके शव पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती पूछताछ में युवती के स्वजनों ने युवक को पहचानने से इनकार किया और उससे किसी तरह का परिचय होने की बात नहीं मानी। हालांकि पुलिस की पूछताछ में बाद में उन्होंने दोनों के बीच दोस्ती और फोन पर बातचीत होने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पैर पर पुराने कट के निशान भी मिले हैं, जिनकी भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 + 3 =

Back to top button