करंट से युवा मोर्चा के जिला महामंत्री की मौत पर आक्रोश; मशाल जुलूस निकालकर किया एमपीनगर थाने का घेराव

एमपीनगर में डीबी माल के सामने बिजली के खंभे से करंट लगने से हुई भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री व अधिवक्ता दिव्यऋषि तिवारी की मौत मामले में स्वजनों ने नगर निगम के अधिकारियों को आरोपित बनाने की मांग की है।
एमपीनगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद नगर निगम ने जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर सहायक यंत्री सुमित सिंह को निलंबित कर दिया है। जबकि कार्यपालन यंत्री आशीष श्रीवास्तव के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव ऊर्जा विभाग को भेजा है।
सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
ऐसे में युवा मोर्चा व स्वजनों ने शनिवार को एमपीनगर में मशाल जुलूस निकालते हुए एमपीनगर थाने का घेराव किया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है।
पुलिस को दिए ज्ञापन में बताया कि 27 सितंबर को बिजली के खंभे से करंट लगने से हुई दिव्यऋषि तिवारी की मौत के मामले में स्वजनों ने अधिकारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
अधिकारियों पर हुआ एक्शन
कलेक्टर द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट के बाद नगर निगम ने दो अक्टूबर को कार्यपालन यंत्री आशीष श्रीवास्तव के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की है और सहायक यंत्री सुमित सिंह को लापरवाही व उदासीनता के आरोप में निलंबित किया है।
दोनों की जिम्मेदारी सामने आने के बाद भी यदि एफआईआर में नाम नहीं हैं तो उनकी आपराधिक भूमिका की जांच की जाए ।





