मानसून की बारिश के कारण सड़कें बनीं दुपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक
दुर्घटना से बचने के लिए रफ्तार 30-40 किमी रखें और सुरक्षित दूरी बनाएं

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, ग्वालियर। अंचल में प्री-मानसून की तेज वर्षा का सिलसिला शुरू हो चुका है और मौसम विभाग के अनुसार मानसून भी जल्द ही शहर में पूरी तरह सक्रिय होने वाला है। जहां एक ओर यह वर्षा गर्मी से राहत लेकर आएगी, वहीं दूसरी ओर शहर की सड़कों पर सफर करने वाले दुपहिया वाहन चालकों के लिए आफत भी रहेगी। शुरुआती वर्षा के कारण ही शहर के कई मुख्य मार्गों और अंदरूनी सड़कों पर छोटे-बड़े गड्ढे उभरने लगे हैं। ऐसे में यदि ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में सड़कों पर जलभराव के चलते ये गड्ढे साइलेंट किलर साबित हो सकते हैं। जरा सी चूक न सिर्फ आपको गंभीर रूप से घायल कर सकती है, बल्कि आपके वाहन को भी बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है।
शहर के कुछ प्रमुख व्यस्ततम इलाके जैसे झांसी रोड, सचिन तेंदुलकर मार्ग जैसी सड़कों पर सीवर और ड्रेनेज के अधूरे कार्यों के चलते स्थिति चिंताजनक हो जाती है। पानी भरने के कारण सड़क का समतल हिस्सा और गहरा गड्ढा एक समान नजर आने लगते हैं। अक्सर देखा गया है कि जलभराव के दौरान बाइक या स्कूटर का अगला पहिया अचानक गड्ढे में जाने से वाहन अनियंत्रित हो जाता है, जिससे चालक सीधे सड़क पर आ गिरते हैं। जलभराव में इंजन स्टार्ट न रखें: यदि सड़क पर घुटने तक पानी भरा है, तो जबरन गाड़ी निकालने की कोशिश न करें। अगर गाड़ी पानी के बीच में बंद हो जाए, तो उसे दोबारा स्टार्ट करने की गलती बिल्कुल न करें, उसे पैदल ही खींचकर सुरक्षित स्थान पर लाएं।





