hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
मध्यप्रदेश

मछलियों को दाना खिलाते समय नदी में फिसला पैर, मासूम की मौत

पीथमपुर के निजी कंपनी कर्मचारी के 7 वर्षीय बेटे की डूबने से मौत

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, हरदा/ धामनोद। फादर्स डे के दिन एक पिता की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। खलघाट स्थित नर्मदा नदी में स्नान के दौरान 7 वर्षीय मासूम कृष्णा की डूबने से मौत हो गई। बेटे को बचाने के लिए पिता ने हर संभव प्रयास किया। नदी से बाहर निकालने के बाद करीब 20 मिनट तक सीपीआर देकर उसकी सांसें लौटाने की कोशिश की गई, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। जानकारी के अनुसार हरदा जिले के छोटा देवास गांव निवासी रामशंकर, जो पीथमपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, रविवार सुबह अपने दोनों पुत्रों कृष्णा (7) और नारायण (5) तथा रिश्तेदार अश्विन चौहान के साथ खलघाट स्थित नर्मदा घाट पर पहुंचे थे। स्नान के दौरान कृष्णा घाट किनारे मछलियों को दाना खिला रहा था। इसी बीच उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल बच्चे की तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद बच्चे को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पिता रामशंकर और डायल-112 के आरक्षक दीपक मंडलोई ने करीब 20 मिनट तक लगातार सीपीआर देकर उसकी सांसें वापस लाने का प्रयास किया। तत्पश्चात उसे धामनोद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में बेटे का शव देखते ही पिता का धैर्य टूट गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जानकारी मिलने पर वे भावुक हो उठे और बेटे के शव का पोस्टमार्टम नहीं करने की गुहार लगाने लगे। इस दौरान अस्पताल परिसर का माहौल भी गमगीन हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × four =

Back to top button