मध्य प्रदेश के ओरछा में दर्दनाक हादसा; सिलिंडर ब्लास्ट में एक ही परिवार के 12 लोग झुलसे

जिले के ओरछा में शुक्रवार दोपहर बाद दर्दनाक हादसा हो गया। वार्ड नंबर-1 स्थित स्टेशन मोहल्ले में कबाड़ कारोबारी खालिद अहमद के मकान में अचानक सीएनजी सिलिंडर में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
तीन बच्चों की हालत गंभीर
घायलों में से तीन लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिलिंडर से गैस का रिसाव हो रहा था, जिससे पहले आग लगी और फिर जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। इस तेज धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और डायल 112 की मदद से तत्काल यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।





