महाराष्ट्र के भिवंडी में 4 मंजिला इमारत ढही, हादसे में 9 मौतें: 4-5 लोगों के फंसे होने की आशंका

महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे एक चार मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। 4 से 5 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव अभी भी जारी है।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग में 48 कमरे थे। हर मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे। निगम ने बिल्डिंग को पहले ही खतरनाक घोषित कर दिया था, जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त मरम्मत का काम चल रहा था।
लोग बाहर निकल रहे थे, तभी एक हिस्सा ढहा
एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे निवासियों ने इमारत में कुछ जोरदार चटकने की आवाजें सुनीं। किसी अनहोनी के डर से स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को दूसरी जगहों पर पहुंचाने में मदद की। जब कुछ लोग अभी भी बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत की बी विंग ढह गई।
बचाव कार्य में जुटी कई एजेंसियां
घटनास्थल पर नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), ठाणे रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं।
भिवंडी के इंदिरा गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी ऑफिसर डॉ. आकाश शुक्ला ने बताया कि रात में तीन घायल अस्पताल लाए गए थे, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल थे। तीनों को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि दोनों पुरुषों के फ्रैक्चर होने की आशंका है।





