मुंबई में रिहायशी इमारत की 11वीं मंजिल पर लगी आग: ढाई साल के बच्चे समेत 2 की मौत
3 घंटे तक बिल्डिंग की छत पर फंसे रहे 15 लोग

मुंबई के विले पार्ले इलाके में मंगलवार रात करीब 10 बजे रिहायशी इमारत शांता भवन की 11वीं मंजिल पर आग लग गई। हदसे में ढाई साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई।
हादसे में आठ लोग घायल हो गए। आग लगने के बाद करीब 15 लोग 3 घंटे तक बिल्डिंग की छत पर फंसे रहे, जिन्हें बाद में रेस्क्यू कर लिया गया।
नानावटी अस्पताल के मुताबिक ढाई साल के अबीर और 23 साल की अंकिता को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। आग पर काबू पा लिया गया है।
आग बिल्डिंग की इलेक्ट्रिकल वायरिंग, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन, AC यूनिट, घरेलू सामान, सोफा, बेड, फॉल्स सीलिंग और किचन के बर्तनों में फैल गई, जो लगभग 4,000 स्क्वायर फीट के एरिया में फैल गई।
लेवल-1 से लेवल-2 तक पहुंची आग
मुंबई फायर ब्रिगेड ने रात 10:08 बजे आग को लेवल-1 यानी मामूली आग बताया। रात 10:16 बजे इसे लेवल-2 यानी मध्यम स्तर की आग कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड, पुलिस, इलाके में बिजली सप्लाई करने वाली कंपनी, एंबुलेंस सेवा और बीएमसी वार्ड का स्टाफ मौके पर पहुंचा। देर रात तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा।





