ब्वॉयफ्रेंड के लिए सेल्सगर्ल ने की ₹1.66 करोड़ की चोरी,होटल से वही गहने लेकर भाग निकला

अहमदाबाद में निकोल इलाके की एक ज्वैलरी शोरूम की सेल्स गर्ल हर्षिदा शेट्टी 10 दिनों बाद पुलिस की गिरफ्त में आ गई। हर्षिदा 11 मई 2026 को शोरूम से 1.66 करोड़ रुपए की ज्वेलरी चुराकर फरार हो गई थी।
पुलिस पूछताछ में हर्षिदा ने बताया कि उसने ब्वॉयफ्रेंड मयूर माली के साथ मिलकर चोरी का ये प्लान बनाया था। वारदात के बाद दोनों अहमदाबाद से दिल्ली और वहां से उत्तर भारत के कई राज्यों में छिपकर रहे।
ब्वॉयफ्रेंड ही गहने लेकर भाग निकला हर्षिदा ने बताया कि वे एक होटल में ठहरे हुए थे। तीन दिन पहले जब वह नहाने गई तो मयूर उसके चोरी किए गहने लेकर फरार हो गया। उसके पास कुछ ही गहने रह गए थे, जो उससे पहन रखे थे।
पैसे खत्म होने के बाद हर्षिदा वापस अहमदाबाद आ गई। मंगलवार की शाम वह गहने बेचने की फिराक में थी।तभी पुलिस को खुफिया सूत्रों से उसकी खबर मिल गई और उसे अरेस्ट कर लिया गया। अब उसके ब्वॉयफ्रेंड की तलाश की जा रही है।
शोरूम मालिक लंच करने घर गए थे निकोल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दर्शनभाई शाह अपने परिवार के साथ शहर के कृष्णानगर इलाके की नयननगर सोसाइटी में रहते हैं। वे निकोल इलाके में अनमोल सर्कल के पास ग्रेविटी शॉपिंग मॉल में आभूषण नाम से सोने-चांदी का शोरूम चलाते हैं। दर्शनभाई के शोरूम में मैनेजर, सेल्समैन और मार्केटिंग समेत कुल 19 लोग काम करते हैं।
हर्षिदा शेट्टी नाम की एक लड़की 11 महीने पहले सेल्स गर्ल के तौर पर शोरूम में शामिल हुई थी। 11 मई, 2026 को जब दर्शनभाई दोपहर के खाने के लिए घर गए थे, तब शोरूम के मैनेजर और स्टाफ मौजूद थे और उसी दौरान सेल्स गर्ल हर्षिदा वारदात को अंजाम देकर फरार हो गई।





