बिना हेलमेट और तीन सवारी के मामलों में सबसे ज्यादा कार्रवाई
सिटी सेंटर में ओवरस्पीडिंग बनी सड़क हादसों की प्रमुख वजह

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, ग्वालियर। अगर आप सोचते हैं कि शहर के लोग ट्रैफिक नियमों को लेकर सतर्क हो रहे हैं, तो जरा ठहरिये! शहर के यातायात थानों द्वारा की गई हालिया कार्रवाई के आंकड़ों ने वाहन चालकों की लापरवाही की हकीकत सामने ला दी है। चालान कटवाने और ट्रैफिक नियम तोड़ने के मामले में मुरार, हजीरा और गोला का मंदिर व इनके आसपास के इलाके के लोग सबसे आगे निकल गए हैं।
यातायात पुलिस द्वारा की गई चालानी कार्रवाई के आंकड़ों का विश्लेषण जब नईदुनिया ने किया तो यह सामने आया। इसमें सबसे ज्यादा कार्रवाई यहीं के वाहन चालकों पर हुई है। आंकड़ों के मुताबिक इस साल जनवरी से जून माह के बीच ट्रैफिक पुलिस ने पूरे जिले में 22 हजार 112 लोगों को यातायात नियम तोड़ते हुए पकड़ा। इसमें से 4201 लोग यानी करीब 19 प्रतिशत लोग इन्हीं क्षेत्रों में पकड़े गए। यह स्थिति बताती है कि यहां के लोग ट्रैफिक नियमों की अनदेखी में सबसे आगे हैं। सिटी सेंटर, रेसकोर्स रोड, गांधी रोड, सिरोल रोड, सागरताल रोड भी हॉट स्पॉट है। यहां नशे में रफ्तार में गाड़ी दौड़ाने पर छह माह में ही 123 सड़क हादसे हुए हैं। जिनका कारण नशा था। शहर में सबसे ज्यादा चालानी कार्रवाई और पुलिस का डंडा इसी इलाके के बेफिक्र वाहन चालकों पर चला है। यहां यातायात नियम तोड़ते पकड़े गए वाहन चालकों से छह माह में ही यातायात पुलिस ने चालान काटकर करीब 21 लाख रुपये चालान वसूला है। जहां एक तरफ मुरार, हजीरा और गोला का मंदिर नियमों की अनदेखी में आगे हैं, वहीं सिटी सेंटर का हाल थोड़ा अलग और बेहद खतरनाक है। यहां वाहन चालक अंध गति से वाहन दौड़ा रहे हैं। सबसे ज्यादा ओवरस्पीडिंग की कार्रवाई यहां हुई। यहां तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसे भी अधिक हुए हैं।





