hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
ग्वालियरमध्यप्रदेश

3.45 करोड़ के बैंक लोन का झांसा देकर वसूले 23 लाख रुपये

सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम, पुलिस जांच में जुटी

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, ग्वालियर। लोन दिलाने के नाम पर 23 लाख रुपये की कथित ठगी से परेशान एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने पांच पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें तीन लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। युवक ने पत्र में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की अपील भी की है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जसपाल सिंह यादव के रूप में हुई है। वह शनिवार से लापता था। रविवार देर रात झांसी रोड थाना क्षेत्र की रेलवे लाइन पर उसका शव मिला। सोमवार सुबह परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और सुसाइड नोट को जांच में शामिल कर लिया है।

सुसाइड नोट के अनुसार, आरोपियों ने जसपाल को विश्वास दिलाया कि उनकी करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की जमीन पर 3.45 करोड़ रुपये का बैंक लोन स्वीकृत हो गया है। कथित बैंक स्वीकृति पत्र दिखाकर लोन प्रक्रिया के नाम पर उससे 23 लाख रुपये ले लिए। फरवरी 2025 से जुलाई 2026 तक लगातार टालमटोल की गई, लेकिन न तो लोन मिला और न ही रकम लौटाई गई।

जसपाल ने लिखा है कि 23 लाख रुपये जुटाने के लिए उसने बुलेट बाइक, कार, सफारी वाहन और सोना तक गिरवी रखा तथा ऊंचे ब्याज पर रकम ली। 20 प्रतिशत ब्याज के कारण उसकी देनदारी बढ़कर करीब 35 लाख रुपये हो गई।आर्थिक और मानसिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाने की बात लिखी है। सुसाइड नोट में आशीष गुप्ता, डबरा निवासी रवि जाटव और टेकनपुर निवासी रवि कुमार का नाम दर्ज है। मृतक ने दावा किया है कि इन लोगों ने न सिर्फ उसके साथ, बल्कि कई अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की है। उसने आरोपियों के मोबाइल नंबर और अन्य विवरण भी लिखे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three × four =

Back to top button