3G मोबाइल-पुरानी सिम वालों की बढ़ेगी परेशानी
बंद होगी सेवा, तुरंत 4G में अपग्रेड कराएं सिम

इंदौर। सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल अब अपने पुराने 2जी और 3जी नेटवर्क जल्द बंद करने की तैयारी कर रही है। कंपनी इन दिनों टावरों को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड करने में जुटी है। नेटवर्क अपग्रेड होने के बाद उन उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ सकती है, जो अभी भी 2जी या 3जी सिमकार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं।
कंपनी उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजकर 4जी सिमकार्ड में बदलने की सलाह दे रही है। फिलहाल कई जगह 4जी सिमकार्ड की कमी भी सामने आ रही है। उपभोक्ताओं को तीन से चार दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इंदौर जिले में करीब 20 हजार उपभोक्ताओं को सिमकार्ड बदलना होगा।
इंदौर संभाग और जिले के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों को मिलाकर 326 नए और अपग्रेडेड टावर लगाए जा चुके हैं। जिले में अभी भी 200 से ज्यादा 2जी-3जी टावर संचालित हैं। कंपनी के मुताबिक 60 प्रतिशत से अधिक स्थानों पर बीएसएनएल के टावर पूरी तरह एक्टिव और अपग्रेड किए जा चुके हैं। इंदौर जिले में दो से ढाई लाख मोबाइल उपभोक्ता हैं, जिनमें 80 फीसद उपभोक्ताओं ने सिमकार्ड बदलवा ली है।
अधिकारियों के मुताबिक पुराने नेटवर्क के रखरखाव पर खर्च करने के बजाय संसाधनों को 4जी नेटवर्क में लगाने से नेटवर्क क्षमता बढ़ेगी और स्पेक्ट्रम का बेहतर उपयोग हो सकेगा। कंपनी का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रों में मजबूत 4जी सेवा उपलब्ध कराना है। जिन उपभोक्ताओं के पास 3जी सिमकार्ड या केवल 3जी सपोर्ट करने वाला मोबाइल है, उन्हें 4जी सिमकार्ड और 4जी फोन अपनाना होगा। 3जी बंद होने की प्रक्रिया क्षेत्रवार नेटवर्क अपग्रेड के साथ आगे बढ़ेगी। इसलिए उपभोक्ताओं के लिए बेहतर होगा कि वे सेवा प्रभावित होने से पहले ही अपनी सिमकार्ड को 4जी में अपग्रेड करा लें।





