9 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार
महिला अपराध में 10 साल की सजा काट चुका आरोपी 11 साल बाद फिर वारदात में शामिल

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। अशोकागार्डन क्षेत्र में नौ साल की बच्ची का अपहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है। वह बच्ची को अपने किराये के कमरे पर भी लेकर गया था। वहां पीड़िता से दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन मकान मालिक महिला के पूछताछ करने पर वह अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सका। बाद में आरोपी उसे लेकर कई स्थानों पर घूमता रहा। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने उसे अशोकागार्डन क्षेत्र से ही गिरफ्तार किया है।
एसआई विजय भामरे ने बताया कि 35 वर्षीय आरोपित मनु बहादुर उर्फ अमित मूलत: नेपाल का रहने वाला है और अविवाहित है। वह अशोकागार्डन क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर बतौर कुक काम करता था। मंगलवार को आरोपी ने एक मंदिर में जल चढ़ाने जा रही एक बच्ची को निशाना बनाया। उसने बच्ची से पानी मांगने के बहाने बातचीत की और फिर उसके पिता का दोस्त बनकर उसे घुमाने ले गया। करीब छह घंटे तक घुमाने के बाद जब वह वापस घर नहीं लौटा तो बच्ची के विरोध करने पर छोड़कर भाग निकला था। अशोकागार्डन पुलिस ने तब आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था। शुक्रवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बाइक के जरिए पुलिस आरोपित तक पहुंची है। आरोपित सैकेंड हैंड बाइक से बच्ची को लेकर घूम रहा था। उसने करीब एक महीने पहले किसी डीलर से बाइक खरीदी थी।





