सिम कार्ड के दुरुपयोग पर होगी तीन साल की जेल, 50 लाख तक जुर्माना, DoT ने जारी की चेतावनी

यदि मोबाइल सिम कार्ड का दुरुपयोग किया तो खैर नहीं। न केवल तीन साल की कठोर सजा भुगतनी पड़ सकती है बल्कि 50 लाख रुपये तक का जुर्माना भी हो सकता है। हाल ही में छत्तीसगढ़ में फर्जी सिम कार्ड मिलने के बाद दूरसंचार विभाग (DoT) ने इस संबंध में चेतावनी जारी की है। वहां लोगों की आईडी से जुड़े दस्तावेजों का इस्तेमाल करके उनकी जानकारी या सहमति के बिना यानी धोखाधड़ी से मोबाइल कनेक्शन जारी किए गए थे।
छत्तीसगढ़ में 25 फर्जी सिम, एजेंट ब्लैकलिस्ट
दूरसंचार विभाग के अनुसार, राज्य में एक प्वाइंट ऑफ सेल (POS) एजेंट ने नागरिकों के पहचान दस्तावेजों का उपयोग करके बिना उनकी जानकारी के 25 सिम कार्ड सक्रिय किए। विभाग ने इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ मिलकर पीओएस एजेंट को ब्लैकलिस्ट कर दिया, उस आउटलेट को भविष्य में मोबाइल कनेक्शन जारी करने से हमेशा के लिए रोक दिया गया।





