पत्नी संग खोलें खाता; आपको हर महीने मिलेगी इनकम, जॉइंट अकाउंट से पा सकते हैं अच्छा ब्याज

अगर आपके पास मोटा पैसा पड़ा हुआ है और आप उस पैसे को किसी सेफ जगह इन्वेस्ट करके मंथली इनकम पाना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम एक अच्छा विकल्प है। इस स्कीम में एकमुश्त निवेश करना होता है और हर महीने ब्याज आय मिलती है। हालांकि, यहां निवेश रकम की एक लिमिट है। यह लिमिट सिंगल और जॉइंट अकाउंट के लिए अलग-अलग है।
ब्याज दरों में नहीं हुआ कोई बदलाव
मंथली इनकम स्कीम यानी एमआईएस पोस्ट ऑफिस की एक स्मॉल सेविंग स्कीम है। इस समय इस योजना में 7.4 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है। सरकार हर 3 महीने में स्मॉल सेविंग स्कीम्स की ब्याज दरें तय करती हैं। सरकार ने अक्टूबर से दिसंबर तिमाही के लिए इस योजना की ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है।
आगे नहीं बढ़ा सकते मैच्योरिटी अवधि
पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम अकाउंट में कोई भी भारतीय नागरिक निवेश कर सकता है। यहां सिंगल या जॉइंट अकाउंट खुलवाए जा सकते हैं। इस स्कीम में न्यूनतम 1000 रुपये इन्वेस्ट किये जा सकते हैं। वहीं, सिंगल अकाउंट में अधिकतम 9 लाख रुपये और जॉइंट अकाउंट में अधिकतम 15 लाख रुपये इन्वेस्ट कर सकते हैं। पोस्ट ऑफिस एमआईएस में मैच्योरिटी अवधि 5 साल होती है। इस मैच्योरिटी अवधि को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता है।





