फोल्डेबल iPhone Duo पर सैमसंग का तंज; बोला- ‘उन्होंने हमारी नकल की’,सोशल मीडिया पर छिड़ी मजेदार जंग

एपल के पहले फोल्डेबल iPhone Duo की लॉन्चिंग सिर्फ टेक्नोलॉजी की दुनिया तक सीमित नहीं रही। फोन के बाजार में उतरते ही सोशल मीडिया पर Samsung और Duolingo के बीच ऐसी नोकझोंक शुरू हो गई, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। कुछ ही पोस्ट के बाद यह मामला वायरल हो गया और एक्स पर लाखों व्यूज बटोरने लगा। मामला तब शुरू हुआ जब सैमसंग ने एपल के नए फोल्डेबल फोन को लेकर तंज कसा। सैमसंग का इशारा साफ था कि फोल्डेबल फोन का डिजाइन कोई नई बात नहीं है, क्योंकि कंपनी कई साल से गैलेक्सी Z सीरीज के तहत ऐसे फोन बेच रही है।
सैमसंग ने Duolingo को भी बातचीत में घसीट लिया
एपल के आईफोन डुओ नाम को लेकर सैमसंग ने लैंग्वेज लर्निंग प्लेटफॉर्म Duolingo को भी निशाने पर ले लिया। सैमसंग मोबाइल यूएस ने एक्स पर लिखा कि एपल ने न सिर्फ उसकी तकनीक की नकल की है, बल्कि डुओलिंगो के नाम से भी मिलती-जुलती चीज अपना ली है। सैमसंग ने मजाकिया अंदाज में डुओलिंगो को टैग करते हुए कहा कि एपल ने उनकी भी नकल की है और इस मामले में दोनों को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए।
Duolingo ने दिया करारा जवाब
सैमसंग की पोस्ट पर डुओलिंगो ने जवाब देने में देर नहीं लगाई। कंपनी ने सैमसंग को ही निशाने पर लेते हुए ऐसा जवाब दिया, जिसने इस पूरे मामले को और मजेदार बना दिया। डुओलिंगो ने सैमसंग को लेकर टिप्पणी की- जब कोई अनजान और अग्ली (खराब दिखने वाला व्यक्ति) खुद को आपका जुड़वां बताने लगे तो कैसा लगता है। सैमसंग ने भी पलटवार करते हुए पूछा, ” अग्ली?? अपनी भाषा को संभालो….”।
इसके बाद डुओलिंगो ने भी मजाक जारी रखा और सैमसंग से कहा कि उस समय जोश में ऐसा कह दिया, लेकिन उनके फोन में उसका ऐप खराब न किया जाए। इस पूरी बातचीत ने एपल के आईफोन डुओ की लॉन्चिंग के बीच एक अलग ही सोशल मीडिया स्टोरी खड़ी कर दी।




