नर्मदापुरम में ग्राहक बनकर चोरी: ज्वेलर को कमरे में बंद कर 200 ग्राम सोने के जेवरों पर किया हाथ साफ

सराफा बाजार में सोमवार को ग्राहक बनकर सराफा दुकान राज ज्वेलर्स पर पहुंची नकाबपोश महिला ने कारोबारी को चकमा देकर 200 ग्राम सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
महिला दोपहर लगभग एक बजे दुकान पर पहुंची। इस दौरान उसने कारोबारी आशीष जैन से कम वजन वाले लॉकेट दिखाने की बात कही। दुकानदार दूसरे कमरे से लॉकेट लेकर आया। कुछ देर बाद महिला ने कहा कि लाकेट पसंद नहीं आ रहे हैं कोई दूसरी डिजाइन बताओ। इसके बाद दुकानदार दोबारा उसी कमरे से दूसरा बॉक्स लेने गया।
इसी बीच महिला ने बाहर से कमरे का दरबाजा बंद कर कुंडी लगा दी और काउंटर पर रखे लॉकेट का बॉक्स सहित सोने के दो तरह के मोतियों वाले दो छोटे बॉक्स लेकर महिला दुकान से बाहर चली गई। पीड़ित सराफा कारोबारी ने बाजू के दुकानदार को फोन कर घटना की जानकारी दी। उसके बाद उसी दुकानदार ने पीड़ित कारोबारी को बाहर निकाला। इस दौरान महिला गायब हो गई।
मुख्य रास्तों की जगह गलियों का लिया सहारा
महिला ने जिसे तरह से वारदात को अंजाम दिया उससे साफ है कि वह बहुत ही शातिर है। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने मुख्य रास्ते की जगह गलियों का सहारा लिया। दुकान से निकलने के बाद वह दूसरी गली में चली गई। अब पुलिस के बाद दुकान से निकलने के कुछ दूर बाद की जानकारी नहीं है। चेहरा ढंका होने से महिला की पहचान साड़ी के रंग और हाथ में पहनी अंगूठी व अन्य पहचान चिह्न के आधार पर की जा रही है। हालांकि इस काम में पुलिस को मशक्कत करना पड़ेगी।





