hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
लाइफस्टाइल

क्या आप भी एक ही सास मैं पी जाते हो ढेर सारा पानी? शरीर को हो सकता है भारी नुकसान, आज ही सुधारे ये गलतियां

चिलचिलाती गर्मी हो या सामान्य मौसम, हम अक्सर खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए बस पानी की बोतल खत्म करने पर ध्यान देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा पानी पीना भी आपके शरीर को डिहाइड्रेशन की ओर धकेल सकता है? मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, वैशाली के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के सीनियर डायरेक्टर डॉ. सुभाशीष मजूमदार के अनुसार, हाइड्रेशन का असली मतलब सिर्फ पानी पीना नहीं, बल्कि शरीर द्वारा उस पानी का सही इस्तेमाल करना है।

आइए समझते हैं कि पानी पीने के वे कौन से तरीके हैं जो आपको फायदे की जगह नुकसान पहुंचा रहे हैं।

1. ‘गट-गट’ करके पानी पीना है बेअसर

अक्सर प्यास लगने पर हम एक ही बार में आधा या एक लीटर पानी पी जाते हैं। डॉ. मजूमदार बताते हैं कि हमारा शरीर एक बार में सीमित मात्रा में ही पानी सोख सकता है। जब आप एक साथ बहुत सारा पानी पीते हैं, तो किडनी उसे प्रोसेस नहीं कर पाती और वह बिना कोशिकाओं तक पहुँचे मूत्र के जरिए बाहर निकल जाता है।

पानी को घूंट-घूंट करके (Sips) पिएं ताकि शरीर उसे अवशोषित (Absorb) कर सके।

2. मिनरल्स की कमी: सादा पानी बनाम इलेक्ट्रोलाइट्स

कोशिकाओं के भीतर पानी को रोककर रखने के लिए शरीर को सोडियम और पोटैशियम जैसे खनिजों की आवश्यकता होती है। यदि आप केवल सादा पानी पी रहे हैं और आपके आहार में मिनरल्स की कमी है, तो पानी आपके शरीर में टिकेगा नहीं। यही कारण है कि सिर्फ पानी पीने के बावजूद कुछ लोगों को बार-बार प्यास लगती है।

3. कॉफी और शराब: हाइड्रेशन के ‘दुश्मन’

कई लोग सोचते हैं कि सोडा, कॉफी या शराब पीने से शरीर की तरल आवश्यकता पूरी हो रही है। हकीकत इसके उलट है। ये ड्रिंक्स ‘डाइयुरेटिक’ (Diuretic) की तरह काम करते हैं, जो शरीर से जमा पानी को भी बाहर निकाल देते हैं। इससे हाइड्रेशन बढ़ने के बजाय डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है।

4. खान-पान का बिगड़ा गणित

हाइड्रेशन सिर्फ गिलास से नहीं, थाली से भी आता है। यदि आपके भोजन में खीरा, तरबूज, संतरा और हरी सब्जियां शामिल नहीं हैं, तो आप शरीर को प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स से वंचित रख रहे हैं। इसके अलावा, अत्यधिक नमक और प्रोसेस्ड फूड शरीर के वॉटर बैलेंस को पूरी तरह बिगाड़ देते हैं।

5. प्यास का इंतजार करना है खतरे की घंटी

अगर आपको प्यास महसूस हो रही है, तो समझ लीजिए कि आपका शरीर पहले ही डिहाइड्रेशन के शुरुआती चरण में पहुंच चुका है। थकान, सिरदर्द, एकाग्रता की कमी और गहरे रंग का पेशाब इस बात के संकेत हैं कि आपकी कोशिकाओं को पानी की सख्त जरूरत है।

डॉक्टर की सलाह: कैसे रहें ‘स्मार्ट हाइड्रेटेड’?

• नियमित अंतराल: प्यास लगने का इंतज़ार न करें, हर एक-दो घंटे में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें।

• फल और सब्जियां: अपने आहार में पानी से भरपूर फलों को प्राथमिकता दें।

• संतुलन: चाय-कॉफी का सेवन सीमित करें और उनके साथ अतिरिक्त सादा पानी जरूर पिएं।

हाइड्रेशन एक संख्या (कितने गिलास) नहीं, बल्कि एक प्रक्रिया है। सही खान-पान और पानी पीने का सही तरीका ही आपको असली ऊर्जा और ताजगी दे सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twelve + sixteen =

Back to top button