खंडवा में असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए सघन चेकिंग अभियान शुरू
प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर रोजाना पुलिस की जांच।

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, खंडवा। शहर में असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर शहर के तीनों थाना क्षेत्रों की पुलिस प्रतिदिन अधिकतम पुलिस बल के साथ प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग कर रही है। अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ-साथ कानून-व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की नियमित मैदानी उपस्थिति से अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अगम जैन स्वयं विभिन्न चेकिंग प्वाइंट्स पर पहुंचे और मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चेकिंग में लगे पुलिस बल को सतर्कता और पूरी मुस्तैदी के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखी जाएगी, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।





