किशोरी से इलाज के नाम पर 20 लाख रुपये का सोना और एक लाख रुपये हड़पकर हत्या करने की दी धमकी
आदित्य भदौरिया ने खुद को छात्र बताकर जाल में फंसाया

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, ग्वालियर। किशोरी से इलाज के नाम पर 20 लाख रुपये का सोना और एक लाख रुपये हड़पकर हत्या करने की धमकी दे रहा बदमाश आदित्य भदौरिया पकड़ा गया है। पुलिस ने उस पर रासुका लगाई है। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। अब उसके अन्य साथियों की भी तलाश में पुलिस लगी है। उसे फरारी कटवाने वाले भी जेल जाएंगे। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शताब्दीपुरम इलाके में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी से बदमाश आदित्य भदौरिया ने खुद को छात्र बताकर दोस्ती की थी। इसने छात्रा से कहा कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और इलाज के लिए रुपये की आवश्यकता है। किशोरी से उसकी मां के करीब 20 लाख रुपये कीमत के गहने चोरी करवा लिए। इसके अलावा एक लाख रुपये भी चोरी करवाए। छात्रा और उसकी मां की शिकायत पर पुलिस ने इसके खिलाफ एक्सटार्शन की एफआईआर दर्ज की थी।
इसके बाद वह भाग गया था। तबसे लगातार पुलिस ढूंढ रही थी, लेकिन वह अलग-अलग एप्लीकेशन के मैसेंजर के जरिये छात्रा को धमका रहा था। छात्रा और उसके पूरे परिवार को ही खत्म करने की धमकी दे रहा था। बीते रोज पुलिस ने डकैती डालने जा रहे चार बदमाशों को पकड़ा था। इस गैंग में भी आदित्य भदौरिया शामिल था। यह भाग गया था। इस पर रासुका लगाने की कार्रवाई एसएसपी के प्रतिवेदन पर कलेक्टर द्वारा की गई। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। जहां से उसे जेल भेज दिया जाएगा। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है, जिससे उसकी गैंग के बारे में पड़ताल की जा सके। आरोपी पर 16 मामले दर्ज: आरोपी आदित्य भदौरिया पर पहले से 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उस पर लूट, हत्या के प्रयास और गोलीबारी जैसे सनसनीखेज अपराध दर्ज हैं। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा है कि ऐसे बदमाशों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।





