hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
छत्तीसगढ़भिलाई

भिलाई दुर्ग के बुजुर्गों को नहीं मिली पेंशन

हर महीने 27 तारीख तक खाते में आती थी पेंशन

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई और दुर्ग औद्योगिक क्षेत्र के हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए इस बार सावन का महीना गहरी चिंता लेकर आया है। कर्मचारी पेंशन योजना (इपीएस-95) के तहत सामान्यतः हर माह की 26 से 27 तारीख तक बुजुर्गों के बैंक खातों में पेंशन की राशि जमा हो जाती थी, लेकिन इस बार एक अगस्त बीत जाने के बावजूद राशि क्रेडिट नहीं हुई है। समय पर पेंशन नहीं मिलने से पेंशनभोगियों और उनके परिवारों में असमंजस और बैचेनी की स्थिति बनी हुई है। निजी क्षेत्र से सेवानिवृत्त होने वाले इन कर्मचारियों को वर्तमान में लगभग 4,000 से 4,700 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलती है। इनमें से अधिकांश बुजुर्गों का घर का पूरा खर्च, जरूरी दवाइयां, बिजली-पानी के बिल और अन्य दैनिक जरूरतें इसी मासिक राशि पर पूरी तरह निर्भर करती हैं। महीने की शुरुआत में ही पेंशन न मिलने के कारण इन परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। स्थानीय पेंशनभोगी टीजी नायडू, सत्यनारायण, केपी वर्मा और एमएम साहू ने चिंता जताते हुए कहा है कि इस तरह की देरी से वरिष्ठ नागरिकों को भारी मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कुछ लोगों का मानना है कि इसमें कोई तकनीकी या बैंकिंग समस्या हो सकती है, तो कुछ यह भी कयास लगा रहे हैं कि शायद पेंशन राशि में संशोधन या बढ़ोतरी पर विचार चल रहा है, जिसके कारण भुगतान रोका गया है। हालांकि, संबंधित विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। आधिकारिक सूचना के अभाव में लगातार बढ़ रही अफवाहों से पेंशनभोगियों की चिंता बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के पेंशनभोगियों ने मांग की है कि यदि प्रशासनिक या तकनीकी कारणों से भुगतान में विलंब हुआ है, तो इसकी सूचना तुरंत सार्वजनिक की जानी चाहिए ताकि असमंजस की स्थिति खत्म हो सके। फिलहाल हजारों बुजुर्गों की निगाहें बैंक खातों और संबंधित विभाग पर टिकी हैं। सभी को उम्मीद है कि जल्द ही उनके खाते में पेंशन की राशि पहुंचेगी और इस अवांछित देरी की वजह भी साफ हो जाएगी।

आमतौर पर इस योजना के तहत पेंशन प्राप्त करने की न्यूनतम आयु 58 वर्ष है। कर्मचारी 50 वर्ष की आयु के बाद भी घटी हुई दर पर पेंशन का विकल्प चुन सकता है, बशर्ते उसने कम से कम 10 साल की सेवा पूरी कर ली हो। न्यूनतम सेवा की शर्त: पेंशन का लाभ उठाने के लिए कर्मचारी की कुल सेवा कम से कम 10 वर्ष होनी अनिवार्य है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three × two =

Back to top button