मध्य प्रदेश में अब तक औसत से 19% वर्षा कम हुई
इंदौर शहर में अब तक 400 मिमी बारिश हुई

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर सहित प्रदेशभर में इस वर्ष मानसून की बेरूखी जारी है। मप्र में अब तक औसत से 19 प्रतिशत वर्षा कम हुई है। पूर्वी मप्र में औसत से 20 और पश्चिमी मप्र में 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। वर्षा की कमी से इंदौर संभाग के जिले भी प्रभावित हैं। संभाग में बुरहानपुर, खरगोन और देवास को छोड़ दिया जाए तो मानसून सीजन में अब तक इंदौर संभाग के अधिकांश जिलों में औसत से कम वर्षा हुई है।
प्रभावी मानसून सिस्टम न होने के कारण अगले सप्ताह भी इंदौर संभाग के जिलों को छिटपुट बारिश से ही संतोष करना पड़ेगा। अगले सप्ताह के मध्य में उज्जैन और आलीराजपुर जिलों में ही अच्छी बारिश होने के आसार हैं।भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पूर्व मप्र और छत्तीसगढ़ पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं मानसून द्रोणिका बीकानेर, ग्वालियर होते हुए कम दबाव के मध्य क्षेत्र से पुरी होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास और एक ऊपरी हवा का चक्रवात दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र के ऊपर बना हुआ है।
इनके प्रभाव से अभी पूर्वी मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। शनिवार को प्रदेश में सात जगह अति भारी और 19 जगह भारी वर्षा हुई। इसमें पूर्वी मप्र के डिंडोरी, अनूपपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला जिले शामिल थे। वहीं पश्चिमी मप्र में रायसेन, विदिशा और गुना जिले ही शामिल थे। ऐसे में इंदौर संभाग में अगले सप्ताह भी कम वर्षा होने की संभावना है।
इंदौर जिले में अब तक औसत से 10 प्रतिशत बारिश कम हुई है। वहीं इंदौर शहर में इस मानसून सीजन में अब तक 400 मिमी वर्षा हुई, जो औसत से 133.2 मिमी कम है।





