बिजनेसमैन के घर लगी आग…तेज धुआं और लपटें उठीं, बहू जिंदा जली
ग्वालियर में खिड़कियां तोड़कर घर में घुसी रेस्क्यू टीम, 5 को बचाया

ग्वालियर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 4 बजे एक बिजनेसमैन के घर में आग लग गई। आग लगते ही घर से तेज धुआं और लपटें उठने लगीं। उस समय घर के अंदर परिवार के 6 लोग मौजूद थे। इनमें से 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि जलने से बहू की मौत हो गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खिड़कियां तोड़कर घर के अंदर पहुंचे। इसके बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। SDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। आग बुझाने की कोशिश कर रही है।
अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम घटना में व्यापारी परिवार की बहू अंकिता अग्रवाल (पत्नी सचिन अग्रवाल) गंभीर रूप से झुलस गई थीं। पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान अंकिता की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मकान में व्यापारी परिवार के तीन भाई गिर्राज, दिनेश और हरिओम एक साथ रहते हैं। आग लगने के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर थे। स्थानीय लोगों ने भी दमकलकर्मियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में मदद की।
मंत्री और विधायक मौके पर पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही एसपी धर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्रीय विधायक सतीश सिकरवार और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली।
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियां लगाई गईं। इसके अलावा टैंकरों से भी पानी की सप्लाई की गई। काफी मशक्कत के बाद कुछ हद तक आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। हालांकि ऊपरी मंजिलों पर फिर से लपटें अभी भी उठने लगी हैं।
प्रशासन का कहना है कि एरिया बेहद कंजेस्टेड है। यहां प्रॉपर गाड़ियां नहीं जा पा रही हैं। जिसके कारण आग बुझाने में देरी हो रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।





