hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
भोपालमध्यप्रदेश

सिलेंडरों को बिना वजन करवाए विश्वास पर ले रहे हैं तो सावधान हो जाइए…

आरिफ नगर मैदान में दबिश: 9 इंच लंबी बंसी से कर रहे थे अवैध रिफिलिंग

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। यदि आप गैस एजेंसी कर्मचारियों द्वारा घर पर देने वाले सिलेंडरों को बिना वजन करवाए विश्वास पर ले रहे हैं तो सावधान हो जाइए… क्योंकि यह कर्मचारी आपके हक पर डाका डाल रहे हैं। आपके घर तक सिलेंडर पहुंचाने वाले एजेंसी कर्मचारी ही गैस की चोरी कर रहे हैं, यह खुलासा बुधवार को तब हुआ जब टीलाजमालपुरा थाना इलाके में खाद्य विभाग की टीम ने अर्चना गैस एजेंसी के दो कर्मचारियों को लोडिंग वाहन में रखे सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा। इसी बीच कर्मचारी सिलेंडरों से भरा वाहन लेकर भाग निकले और रास्ते में दो सिलेंडरों को अवैध रूप से बेच डाला। हालांकि बाद में टीम ने पुलिस के सहयोग से 24 सिलेंडरों से भरे वाहन सहित दोनों कर्मचारियों को धर दबोचा और थाने में वाहन खड़ा करवा दिया है।

जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि डीआईजी बंगला इलाके में अर्चना गैस एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग की जा रही है। जिसके आधार पर सहायक आपूर्ति अधिकारी अशोक सत्यार्थी ने टीम सहित डीआईजी बंगला स्थित आरिफ नगर मैदान में दबिश दी तो अर्चना इंडेन गैस एजेंसी का ऑटो खड़ा हुआ था।

जिसमें एजेंसी के कर्मचारी भारत अहिरवार व भूपेंद्र नौरिया द्वारा नौ इंच लंबी बंसी से सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग की जा रही थी। टीम ने दोनों कर्मचारियों से पूछताछ की तो वह मौका पाकर वाहन सहित भाग निकले, इस दौरान कई बार रोकने पर भी उन्होंने वाहन नहीं रोका। इससे टीम ने पुलिस को सूचना दी, कुछ देर बाद पुलिस के सहयोग से टीम ने दोनों कर्मचारियों को सिलेंडर से भरे वाहन सहित पकड़ लिया।

टीम ने थाने में ही कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही सिलेंडरों की तुलाई करवाई तो कालाबाजारी का खुलासा हुआ। कर्मचारियों के कब्जे से रिफिलिंग करने वाली नौ इंच लंबी बंसी, 24 घरेलू गैस सिलेंडर व वाहन सहित 4.63 लाख का सामान जब्त किया है। टीम ने थाने में 24 सिलेंडरों की जांच की तो उनमें नौ भरे हुए, 11 खाली व चार अवैध रिफिलिंग में उपयोग किए सिलेंडर मिले हैं। खाद्य अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों ने दो सिलेंडर से अवैध रिफिलिंग करते हुए खाली सिलेंडरों में गैस भर ली थी। जिनमें से एक में पांच किलो 400 ग्राम और दूसरे में 300 ग्राम गैस भरी मिली है। जबकि जिन सिलेंडरों से गैस चोरी की गई थी, उन्हें रास्ते में ठिकाने लगा दिया गया था। वहीं अवैध रिफिलिंग के लिए दो अन्य सिलेंडरों की सील तोड़ दी गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four + 5 =

Back to top button