2018 में माता-पिता का साथ छूटा, दादा-दादी ने पाला; श्रुति तोमर बनी एमपी में टॉपर

मुरैना के पोरसा की श्रुति तोमर ने 12वी में कला संकाय से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। श्रुति ने 500 में से 489 अंक हासिल किए है। होनहार श्रुति तोमर ने 10 वीं में भी पांचवा स्थान प्राप्त किया था। वर्ष 2018 में पिता रविन्द्र तोमर का सड़क हादसे में निधन हो गया। मां सीता देवी ने सदमे में कुछ दिन बाद दम तोड़ दिया। श्रुति को दादा दादी ने पाला है।
श्योपुर में बोर्ड परीक्षा के परिणाम में 12वीं में सुधार तो 10वीं में गिरावट
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को घोषित किए गए वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। कक्षा 10वीं का परिणाम इस वर्ष 71.37 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष 2025 के 75.43 प्रतिशत की तुलना में गिरावट दर्शाता है। वहीं कक्षा 12वीं के परिणाम में सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2026 में 12वीं का परिणाम 80.34 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष 76.27 प्रतिशत से अधिक है।
परिणामों के विश्लेषण से साफ है कि 12वीं के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है, जबकि 10वीं के छात्रों को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार 12वीं में बेहतर परिणाम का कारण विद्यार्थियों की नियमित तैयारी और मार्गदर्शन रहा है।
वहीं 10वीं के परिणाम में गिरावट के पीछे कई कारणों को जिम्मेदार माना जा रहा है, जिनमें पढ़ाई में निरंतरता की कमी प्रमुख है। जिले के शिक्षकों ने 12वीं के बेहतर परिणाम पर संतोष जताया है, जबकि 10वीं के कमजोर प्रदर्शन को सुधारने के लिए आगामी सत्र में विशेष प्रयास करने की बात कही है।





