hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
कोटाराजस्थान

एक हादसे ने उजाड़ दिए तीन परिवार

भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 3 लोगों के शव गुरुवार सुबह गांधीपुरा पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि,राजस्थान/ बालोतरा। अमरनाथ यात्रा पर आस्था और श्रद्धा के साथ निकला परिवार गुरुवार को चार अर्थियों में लौटेगा, यह किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। पंजाब के बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पंकज परिहार, उनकी पत्नी डिंपल, महेंद्र और उनकी पत्नी मनीषा के शव गुरुवार सुबह बालोतरा के गांधीपुरा पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। माली समाज भवन में एक साथ चार पार्थिव देह पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से हर आंख छलक उठी। अंतिम दर्शन के लिए लोगों का भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद एक साथ चारों की शवयात्राएं निकलीं, जिनमें समाज सहित शहरभर के लोग नम आंखों से शामिल हुए। श्मशान घाट पर दोनों दंपतियों का जोड़ों से एक-एक चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। पंचतत्व में विलीन होते चारों श्रद्धालुओं को अंतिम विदाई देते समय पूरा वातावरण शोक में डूबा रहा। यह हादसा तीन परिवारों की जिंदगी में ऐसा दर्द छोड़ गया, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। लूणचंद चौहान ने जिन दोनों बेटियों डिंपल और मनीषा का विवाह एक साथ किया था, नियति ने उनसे दोनों बेटियों के साथ दोनों दामाद भी छीन लिए। एक ही सड़क हादसे में दोनों बहनों और उनके पतियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं पंकज परिहार के निधन से उनकी बुजुर्ग मां चंदन देवी का इकलौता सहारा भी छिन गया। पंकज के निधन से दो बेटे दीपक और हितेश तथा दो बेटियां अंकिता और रुचिका के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

बुधवार तड़के बठिंडा-डबवाली हाईवे पर गांव जोधपुर रोमाणा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टेंपो ट्रैवलर की टक्कर में यह दर्दनाक हादसा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए थे। प्रारंभिक आशंका चालक को नींद की झपकी आने की जताई गई है। हादसे में पंकज के पुत्र दीपक, हितेश और पुत्री रुचिका उर्फ जीजू, महेंद्र के पुत्र निखिल, पुखराज, उनकी पत्नी नारायणी देवी तथा उनके पुत्र हैपी और जीतू घायल हुए हैं। इस हृदयविदारक हादसे ने न केवल तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया, बल्कि पूरे बालोतरा शहर को भी स्तब्ध कर दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seventeen + nine =

Back to top button