क्लासमेट ने पीएम मोदी से मिलकर मांगा इंसाफ, जमीन विवाद में की सीबीआई जांच कराने की मांग
1989 से कानूनी लड़ाई लड़ रहे

महाराष्ट्र के मीरा रोड निवासी 81 वर्षीय असगर अली वोहरा ने अपने दशकों पुराने जमीन विवाद में न्याय की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। वोहरा ने मामले में प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप करने और सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
दोनों ने गुजरात के वडनगर स्थित बीएन स्कूल में साथ पढ़ाई की थी। वोहरा ने 8 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। उनका कहना है कि पीएम मोदी की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है।
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने पीएम मोदी और वोहरा की मुलाकात की तस्वीरें और एक प्रेस नोट जारी करते हुए उम्मीद जताई कि मोदी अपने बचपन के दोस्त को न्याय जरूर दिलाएंगे। यह रहा पूरा जमीन विवाद
वोहरा ने साल 1989 में एक पंजीकृत समझौते के माध्यम से भायंदर पूर्व के नवघर में लगभग 2,810 वर्ग मीटर जमीन खरीदी थी। उनका आरोप है कि साल 2011 में स्वयम् बिल्डर्स और सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शंस ने उनकी इस जमीन पर अतिक्रमण कर लिया। बता दें कि यह कंपनी बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता से जुड़ी हुई है।





