तीन वर्षीय मासूम बच्ची की तीन फीट पानी से भरी खदान में डूबने से मौत
गहरे हिस्से में जाने से मासूम उसमें डूब गई

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि,भोपाल। राजधानी के कजलीखेड़ा क्षेत्र में रविवार को एक हादसा सामने आया, जहां तीन वर्षीय मासूम बच्ची की तीन फीट पानी से भरी खदान में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान देविका राज रैकवार के रूप में हुई है। यह घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है, जब देविका अपने घर के पास खेलते-खेलते घर से मात्र 12 मीटर की दूरी पर स्थित कजलीखेड़ा खदान की तरफ चली गई।
हाल ही में हुई वर्षा के कारण इस खदान में करीब 3 फीट पानी भरा हुआ था, जिसके गहरे हिस्से में जाने से मासूम उसमें डूब गई। देविका के माता-पिता दोनों मजदूरी करते हैं और हादसे के वक्त काम में व्यस्त थे। घटना के लगभग एक घंटे बाद जब स्वजनों को देविका के लापता होने का पता चला, तब उसकी खोजबीन शुरू की गई। खदान में बच्ची के होने की आशंका पर तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया गया। उनकी मदद से बच्ची को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस हादसे से परिवार में मातम मच गया है। देविका दो बहनें थीं, जिनमें वह बड़ी थी और उसकी एक साल छोटी बहन भी है। पुलिस का कहना है कि परिवार कजलीखेड़ा खदान के पास ही कच्चा मकान बनाकर रहते थे। बच्ची कब घर से निकल गई,किसी की जानकारी में नहीं आ पाया था।





